पानी भरने गई महिला पर झोंका फायर
हरख (बाराबंकी)। नल पर पानी लेने आई महिला पर फायर झोंककर भाग रहा युवक कस्बे के बाहर कुएं में कूद गया। फायरिंग की आवाज सुनकर कस्बे में हलचल मच गई। युवक के कुएं में गिरने की सूचना पर पुलिस ने ग्रामीणों की मद्द से युवक को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया। जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मामला थाना व कस्बा सतरिख के मोहल्ला पूरे भग्गन का है। यहां के निवासी मनोज कश्यप की पत्नी पप्पी (28) शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर के बाहर लगे नल पर पानी भरने आई थी। इसी दौरान पड़ोसी युवक संदीप यादव (30) ने महिला को पकड़ लिया।
जिसका विरोध करने पर युवक ने तमंचे से महिला पर फायर झोंक दिया। गोली महिला के दाहिने हाथ पर लगी। गोली की आवाज सुनकर परिवारीजन व मोहल्ले वाले इकट्ठा हो गए। उधर, मौके से भाग रहा युवक कस्बे के बाहर निष्प्रोज्य पड़े कुएं में कूद गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से बेहोशी की हालत मेेें युवक को कुएं से बाहर निकाला और सीएचसी सतरिख पहुंचाया।
जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। मगर, चिकित्सकों ने गंभीर दशा में उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं गोली लगने से घायल महिला का इलाज भी सीएचसी में किया जा रहा है। पुलिस ने महिला के पति मनोज की तहरीर पर युवक संदीप पर हत्या के प्रयास व छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने महिला के घर के सामने स्थित कुएं से घटना में प्रयुक्त किया गया तमंचा भी बरामद किया है।
हालांकि सतरिख पुलिस ने सीएचसी के चिकित्सकों के मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर महिला के गोली न लगने की बात कह रही है। जानकारी पर एएसपी दक्षिणी ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया।