बाराबंकी। चुनाव के मद्देनजर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में शनिवार को मसौली क्षेत्र में बिंदौरा चेक पोस्ट पर दस लाख व शहर में तीन लाख की नकदी बरामद हुई है। कागजात न दिखा पाने पर नकदी सीजकर ट्रेजरी में जमा करा दी गई है।
शनिवार को मसौली पुलिस ने बहराइच हाईवे स्थित बिंदौरा चौराहे पर चेकिंग की। इस दौरान एक कार की अगली सीट पर रखे बैग से 10 लाख दो हजार रुपये बरामद हुए। वाहन चालक ने बताया कि यह नकदी पेट्रोल पंप मैनेजर रंजीत सिंह की है जो ग्राम चैला निवासी हैं। वहीं, रंजीत सिंह ने बताया कि यह नगदी शुक्रवार को हुई बिक्री की थी, जिसे मसौली चौराहा स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में जमा करने जा रहे थे।
हालांकि, उचित कागजात न दिखा पाने पर नकदी सीज कर दी गई। वहीं, शहर में टंडन वाली गली के गेट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने सेना के रिटायर्ड जवान उमाशंकर तिवारी निवासी, रामनगर के पास से तीन लाख बरामद किए। उन्होंने बताया कि उनका परिवारिक मुकदमा चल रहा है। वहां होने वाले समझौता को लेकर नकदी ले जा रहे थे। हालांकि, वह कोई अभिलेख नहीं दिखा सके। इस पर एसआई बीडी यादव ने नकदी सीजकर ट्रेजरी में जमा करवा दी।