सर्पदंश से मंदिर के पुजारी की मौत, सदमे में पत्नी की भी गई जान
बाराबंकी। मंदिर की सफाई के दौरान रविवार देर शाम एक पुजारी को सांप ने डस लिया। परिवारीजन रात में फूंक-झाड़ के चक्कर में भटकते रहे। हालत बिगड़ने पर पुजारी को परिवारीजन सोमवार को सीएचसी ले गये जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पति की मौत के सदमे में सोमवार को पुजारी की पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। परिवारीजनों ने दोनों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रामनगर थाना क्षेत्र के सराय गौराचक स्थित मंदिर की सफाई के दौरान पुजारी नागेश्वर(55) को रविवार देर शाम सांप ने डस लिया था। जानकारी पर परिवारीजनों ने इलाज कराने की बजाय रात तक पुजारी का झाड़-फूंक कराया। सोमवार सुबह हालत गंभीर होने पर पुजारी को सीएचसी सूरतगंज ले गए, जहां डॉक्टर ने नागेश्वर को मृत घोषित कर दिया था। ग्रामीणों के मुताबिक नागेश्वर की मौत का सदमा उनकी पत्नी कमला देवी (50) बर्दाश्त कर सकीं और मंगलवार सुबह उन्होंने भी दम तोड़ दिया। परिवारीजनों ने पुजारी के शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया है। एसओ मनोज शर्मा ने बताया कि इस मामले की सूचना नहीं दी गई थी।