एमडीएम घोटाले में बीएसए दफ्तर का वरिष्ठ लिपिक गिरफ्तार, 21 लाख रुपये बरामद
बाराबंकी। बेसिक शिक्षा विभाग में हुए करीब 4.84 करोड़ रूपये के एमडीएम घोटाले में पुलिस ने बीएसए कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक अखिलेश शुक्ला को गिरफ्तार किया है। उसके घर से करीब 21 लाख रुपये बरामद हुए हैं। इस घोटाले में दो युवतियों समेत पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। शनिवार को कोर्ट ने आरोपी अखिलेश शुक्ला को जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी।
पुलिस लाइन में शनिवार को एसपी अजय साहनी ने बताया कि क्राइम ब्रांच व शहर कोतवाली पुलिस ने बीएसए कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक अखिलेश शुक्ला को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को बीएसए कार्यालय से पकड़े गए रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गाजीपुर निवासी अखिलेश शुक्ला के घर की तलाशी के दौरान 20 लाख 98 हजार 670 रुपये बरामद हुए हैं। एसपी के मुताबिक बीएसए कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक की गिरफ्तारी एमडीएम घोटाले में की गई। यह घोटाला वर्ष 2012 से चल रहा था। पहले एमडीएम की देखरेख की जिम्मेदारी अखिलेश शुक्ला को ही सौंपी गई थी। आरोपी अखिलेश को वर्ष 2012 में तत्कालीन बीएसए ने एमडीएम की जिम्मेदारी दी थी। वर्ष 2013 में छह माह तक अखिलेश ने एमडीएम का काम देखा।
उसके बाद राजीव शर्मा को प्रभारी बनाया गया। यह भी अखिलेश शुक्ला के साथ घोटाले में शामिल रहा। गत वर्ष घोटाले का खुलासा होने पर बीएसए बीपी सिंह ने दिसंबर माह में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया था। इसमें आरोपी बनाए गए जिला समन्वयक एमडीएम राजीव शर्मा, अनाधिकृत कंप्यूटर ऑपरेटर रहीमुद्दीन के साथ रघुराज, रोजी व साधना को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसपी ने बताया कि पुलिस जांच में पता लगा है कि एमडीएम घोटाले के 3.38 करोड़ रुपये रहीमुद्दीन के खाते में, 49 लाख रुपये रोजी के खाते और 55 लाख रुपये रघुराज के खाते में भेजे गए थे। पुलिस ने आरोपी लिपिक अखिलेश शुक्ला को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया है।
गैंगस्टर की कार्रवाई के साथ जब्त होगी संपत्ति
एसपी अजय साहनी ने बताया कि एमडीएम घोटाले में अभी कई अधिकारी व कर्मचारियों पर कार्रवाई हो सकती है। जांच में जिनके नाम सामने आएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर संपत्ति जब्त करके सरकारी खाते में जमा कराया जाएगा।
आरोपी लिपिक को किया जाएगा बर्खास्त
बीएसए वीपी सिंह ने बताया कि एमडीएम घोटाले में गिरफ्तार लिपिक अखिलेश शुक्ला को निलंबित किया जाएगा। निलंबन का आदेश अवकाश के बाद सोमवार को जारी किया जाएगा। वहीं न्यायालय के आदेश के क्रम में 15 दिन बाद बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।