बाराबंकी। मार्फीन तस्करों के खिलाफ जिले में चल रहा पुलिस का अभियान लगातार जारी है। सफदरगंज पुलिस द्वारा दो तस्करों को गिरफ्तार कर बारह किलो मार्फीन बरामदगी के ठीक दूसरे दिन मसौली पुलिस ने बांसा मोड़ के पास सफदरगंज थाना क्षेत्र के चौखंडी निवासी एक तस्कर को एक किलो मार्फीन समेत दबोच लिया।
पुलिस का दावा है कि बरामद मार्फीन की अंतराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन करोड़ रुपये है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजा गया है। हालांकि पकड़ा गया तस्कर महज कैरियर बताया जा रहा है। इसके पीछे मुख्य आरोपियों का पुलिस पता लगा रही है।
एएसपी उत्तरी आरएस गौतम ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता में बताया कि मसौली एसओ संतोष कुमार सिंह ने टीम के साथ चेकिंग के दौरान रविवार की दोपहर बांसा गांव के मोड़ के पास से सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चौखंडी निवासी इरशाद को गिरफ्तार कर उसके पास से एक किलो दस ग्राम मार्फीन बरामद किया है। एएसपी ने बरामद मार्फीन की विदेशी बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ रुपये होने का दावा किया है।