सर्द हवा से बढ़ी गलन ने किया बेहाल
बाराबंकी। सर्द हवा और गलन बढ़ने से मंगलवार को लोग बेहाल रहे। पूरे दिन लोग ठंड से बचाव के लिए इधर-उधर भटकते दिखाई दिए। दिन में खिली धूप ने ठंड से भले ही कुछ समय के लिए राहत दी हो लेेकिन शाम होते ही ठंड बढ़ने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग की मानें तो ठंड में अभी और इजाफा होगा।
मंगलवार को सुबह से ही आसमान में धुंध छाई रही और पूरे दिन चली हवा से ठंड और बढ़ गई। इससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों और अभिभावकों को हुई। जिन्हें कड़ाके की ठंड में भी बच्चों को सुबह स्कूल छोड़ने जाना पड़ा।
दोपहर में धूप खिली तो लोग ठंड से बचाव के लिए घरों के बाहर और छतों पर धूप का आनंद लेते दिखाई दिए। मगर शाम होते ही ठंड बढ़ने के कारण लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
राहगीरों व गरीबों को ठंड से बचाव के लिए नगर पालिका प्रशासन की ओर से शहर में चिह्नित स्थानों पर अलाव जलवाने का दावा किया जा रहा है मगर लेकिन अभी कई स्थान ऐसे हैं जहां अलाव नहीं जलवाए जा रहे हैं। इससे लोग ठंड से बचाव के लिए इधर-उधर भटकते देखे जा सकते हैं।
इसके अलावा असहाय और निराश्रित लोगों को ठंड से बचाव के लिए रेलवे स्टेशन, देवा तिराहा आदि पर रैन बसेरा तो बनाए गए हैं लेकिन वहां इंतजाम नाकाफी होने की वजह से इसका लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है।
इस बाबत अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता का कहना है कि ठंड से लोगों के बचाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। चिह्नित स्थानों पर अलाव जलवाने के साथ ही रैन बसेरे में लोगों के ठहरने के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।