बाराबंकी। गणतंत्र दिवस के दिन बंदी होने के बावजूद शराब की बिक्री करने पर पुलिस ने दो लोगों को पकड़कर रिपोर्ट दर्ज की है। इनके पास से 120 शीशी शराब व करीब छह हजार से अधिक की नकदी भी बरामद की गई है जबकि एक युवक तमंचा व कारतूस समेत पकड़ा गया है।
लोनीकटरा थाने के एएसआई सुभाष यादव ने शनिवार को गौरवा उस्मानपुर जंगल के पास से बिषैनीखेड़ा गांव निवासी इमरान एक तमंचा, कारतूस व चाकू समेत पकड़ा जबकि एसआई हरिनाम यादव ने तेजवापुर के देशी शराब ठेका के सेल्समैन ग्राम सरैंया निवासी चंद्रभान जायसवाल को बंदी के बावजूद शराब की बिक्री करते पकड़ा। इनके पास से पुलिस ने 52 शीशी देशी शराब सहित बिक्री का 6180 रुपया बरामद किया।
एसओ कमलेश प्रजापति का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर दोषियों को जेल भेजा जा रहा है। वहीं थाना बड्डूपुर पुलिस द्वारा आरोपी उत्तम कुमार निवासी अलमापुर मजरे तरावा थाना कुर्सी को कस्बा बड्डूपुर में अंग्रेजी शराब ठेके के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से एक बोरे मे 50 अंग्रेजी शराब की शीशी बरामद कर रिपोर्ट दर्ज की है।