सिरौलीगौसपुर/ कोटवासड़क (बाराबंकी)। दबंगों ने बाजार से घर लौट रहे दिव्यांग व विद्युत बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने पहुंचे संविदा लाइनमैन की पिटाई कर दी। इन दोनों मामलों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
पहली घटना बदोसरायं कोतवाली क्षेत्र के मुख्य चौराहे की है। बृहस्पतिवार को टिकैतनगर थाना क्षेत्र के रानी कटरा गांव निवासी दिव्यांग आफताब अहमद बदोसरायं आया था। यहां से घर लौटते समय बाइक सवार दो युवकों ने उसकी बैसाखी छीनकर पिटाई कर दी।
इससे खून से लहूलुहान दिव्यांग काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने दिव्यांग की तहरीर पर टिल्लू व एक अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की। एसओ अमित मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
उधर, रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को जेई राज मौर्य की देखरेख में सनौली गांव में एक मुश्त समाधान योजना को लेकर कैंप लगाया गया था। इसमें बकाया को लेकर जमा कराने व न करने वाले के कनेक्शन काटे जा रहे थे। इस दौरान संविदा लाइनमैन शिवशंकर 14 हजार से अधिक बकाए पर लल्लन के पिता के नाम का कनेक्शन काटने पहुंचा।
इस पर लल्लन व विजय ने एक महिला के साथ मिलकर लाइनमैन शिवशंकर की पिटाई कर दी। इसकी तहरीर जेई राज मौर्य ने रामसनेहीघाट कोतवाली में दी। प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्र ने बताया कि संविदा लाइनमैन की पिटाई के मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।