सिद्धौर (बाराबंकी)। राजकीय पक्षी का शिकार करने के मामले शनिवार को पुलिस ने नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन के बेटे को जेल भेजा। बृहस्पतिवार को पक्षी का शिकार करते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में वन क्षेत्राधिकारी की तहरीर पर असंद्रा थाने में केस दर्ज कराया गया था।
असंद्रा थाना क्षेत्र की नगर पंचायत सिद्धौर के पूर्व चेयरमैन हाकिम अली बादशाह के बेटे मो. फैयाज उर्फ गोलू का लंबौवा तालाब में एक राजकीय पक्षी के शिकार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसकी शिकायत हिंदू राष्ट्र शक्ति के जिलाध्यक्ष नीरज वर्मा ने पुलिस व वन विभाग से की थी।
इसके बाद हरकत में आए वन क्षेत्राधिकारी हरख संजय श्रीवास्तव ने शुक्रवार को अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। फिर असंद्रा थाने में तहरीर देकर फैयाज पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वन विभाग की शिकायत पर राजकीय पक्षी के शिकार का केस फैयाज पर दर्ज किया गया था। जिसे शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। (संवाद)