मसौली (बाराबंकी)। घर के कमरे में एक विवाहिता का शव छत के छल्ले में दुपट्टे के सहारे लटका मिला। देर शाम खेत में काम कर परिजन लौटे तो घर में यह नजारा देख दंग रह गए। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी। इस पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं पति व सास-ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। घटना सफदरगंज थाना क्षेत्र के नसीनगर गांव की है।
यहां के निवासी सोनू का विवाह सात माह पहले 15 मई को फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के कटघरा निवासी जगदीश प्रसाद की बेटी अनीता से हुआ था। विवाह के कुछ दिन बाद ही विवाद होने पर अनीता मायके में जाकर रहने लगी। हालांकि गर्भवती होने के कारण अनीता सात दिन पहले मायके से अपनी ससुराल आई थी।
गुरुवार की शाम छत से उसका लव लटके होने की सूचना पर पहुंची मां मंजू देवी ने बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। उसने बताया कि सात माह पहले हिंदू रीतिरिवाज के साथ अपनी बेटी अनीता की शादी की थी। हैसियत के मुताबिक घर-गृहस्थी का सामान भी दिया था। इसके बाद भी ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते थे।
इसको लेकर बेटी मायके में रहती थी। अभी एक सप्ताह पहले वह ससुराल आई थी। जिसकी पति ने सास-ससुर के साथ मिलकर हत्या कर दी। इस पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार केशव प्रताप सिंह व वरिष्ठ उप निरीक्षक अमर बहादुर सिंह ने विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वहीं पति पति सोनू कुमार, ससुर राजकुमार व सास राजकुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है। जिसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दहेज हत्या में पति व सास-ससुर भेजे गए जेल
कुर्सी। सिर पर लोहे की रॉड से किए गए हमले से विवाहिता की मौत होने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। इसके बाद पुलिस ने फरार पति को गिरफ्तार करने के बाद उसे माता-पिता के साथ जेल भेज दिया। मामला कुर्सी थाना क्षेत्र के देवरा गांव का है। मंगलवार को शराब के नशे में घर पहुंचे पति का पत्नी ने विरोध किया तो उसने लोहे की रॉड से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी और भाग गया था।
सूचना पर विवाहिता के पिता संतोष की तहरीर पर पुलिस ने पति अंकित, ससुर छोटलाल व सास फूलमती पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस ने फरार पति की तलाश कर रही थी। देर रात पुलिस ने पति को पिंडसांवा चौराहे से गिरफ्तार कर हत्या में प्रयोग की गई लोहे की रॉड बरामद कर ली।
इसके बाद पति व सास-ससुर को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गहरी चोटें आने की पुष्टि हुई है। जिस पर दहेज हत्या के दर्ज मुकदमे में पति व सास -ससुर को जेल भेज दिया गया है। (संवाद)