बाराबंकी। प्रतिबंधित मवेशियों को ट्रक में भरकर ले जा रहे तस्करों ने पुलिस टीम देखकर पहले तो उन पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। लेकिन जब पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ट्रक हाईवे पर खड़ा कर 30 फिट की ऊंचाई से ओवरब्रिज से नीचे कूद गए। पूरे ऑपरेशन में तीन आरोपी व एक पुलिस कर्मी घायल हुआ है। पुलिस ने ट्रक से 27 मवेशी बरामद किए हैं, जबकि छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बृहस्पतिवार की सुबह देवा पुलिस ने वायरलेस सेट पर बताया कि एक ट्रक में प्रतिबंधित मवेशी लदे हैं और वह पुलिस टीम को देखकर तेज रफ्तार से जा रहा है। इस ट्रक के पीछे बोलेरो सवार लोग भी है। इसके बाद जब पुलिस सक्रिय हुई तब तक यह ट्रक शहर से निकलते हुए लखनऊ -अयोध्या नेशनल हाईवे के बड़ेल ओवरब्रिज पर जा पहुंचा।
यहां पर कोतवाल अमर सिंह, चौकी प्रभारी शशिकांत सिंह की टीम ने जब ट्रक रोकवाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पहले पुलिस कर्मियों पर ट्रक चढ़ाना चाहा। लेकिन सफल नहीं हुए तो ट्रक छोड़कर भागने लगे। भागने की कोशिश में तीन आरोपियों ने करीब तीस फिट ऊंचे हाईवे ओवरब्रिज से छलांग लगा दी। ऊंचाई से कूदने पर गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
इनकी पहचान रामबुझ, रोहित सिंह यादव, छोटू के रूप में हुई है, सभी जिला जौनपुर के निवासी हैं। इस दौरान एक सिपाही को भी मामूली चोट आई है। इनके कब्जे से एक ट्रक ङ्खक्च 23 क्च 3055 से 27 प्रतिबंधित पशु बरामद किए, इनमें दो मवेशी मृत मिले है। जबकि अन्य मवेशियों को गो आश्रय स्थल में भिजवाया गया है। कोतवाल अमर सिंह ने बताया छह आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम व पशुक्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।