कोठी (बाराबंकी)। संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। घटना असंद्रा थाना क्षेत्र के मंझोटी गांव की है। यहां के निवासी ननकू लोध (35) का शव बुधवार को सुबह घर के बाहर रखे छप्पर के नीचे फंदे से लटकता पाया गया। जानकारी होते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई।
इसी बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने शव अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के भाई राम कुमार ने उसकी पत्नी पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। इस संबंध में इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी का कहना है कि जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)