यूपी 112 में तैनात एक सिपाही खुद को हिंदू बताकर प्रतापगढ़ की युवती से करीब सात साल तक दुष्कर्म करता रहा। आरोप है कि उसने युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने का वीडियो भी बनाया। युवती के धर्म परिवर्तन की कोशिश की। साथ ही गर्भपात कराया। शिकायत होने पर एसपी ने बृहस्पतिवार रात सिपाही को सस्पेंड कर दिया। उसके खिलाफ धर्मांतरण, दुष्कर्म, आईटी एक्ट, गर्भपात का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
प्रतापगढ़ जिले के अंटू थाना क्षेत्र की एक हिंदू युवती का वहीं पर तैनात सिपाही इबरार अहमद से संपर्क हुआ था। आरोप है कि सिपाही ने अपना नाम अमित तिवारी बताया। इस दौरान सिपाही युवती के घर भी आता-जाता रहा। तीन साल पहले बाराबंकी जिले में ट्रांसफर होने के बाद भी इबरार अहमद युवती का शोषण करता रहा। इस दौरान युवती व सिपाही दोनों की शादी हो गई। लेकिन युवती का पति हत्या के केस में जेल चला गया। इबरार युवती को बाराबंकी लेकर भी आया।
युवती का आरोप है कि सिपाही नशीला पदार्थ खिलाकर उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता रहा। 10 दिन पहले ही सिपाही यूपी 112 में रामसनेहीघाट इलाके में मुख्य आरक्षी के रूप में तैनात किया गया था। मामला एसपी दिनेश कुमार सिंह के संज्ञान में आया तो बृहस्पतिवार देर शाम युवती की तहरीर पर केस दर्ज कर सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी सुल्तानपुर जिले के थाना गोसाईगंज के सिरवारा गांव का निवासी है।