शहरी सरकार गठन के लिए नगर पालिका की अध्यक्ष, सभासद व नगर पंचायतों के अध्यक्ष व सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। जिले में 13 अध्यक्ष, 29 सभासद व 152 सदस्यों को शपथ दिलाने के साथ ही निकायों के गठन की औपचारिकता पूरी हो गई।
नगर पालिका में हुए शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश सरकार के कृषि राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में एसडीएम सदर द्वारा पहले अध्यक्ष को और बाद में एक साथ सभासदों को शपथ दिलाई गई। कृषि राज्यमंत्री ने कहा कि चुनाव से पहले अलग-अलग विचारधारा के लोग मैदान में उतरते हैं पर चुने जाने के बाद सभी जनप्रतिनिधियों का शहर को साफ-सुथरा रखने के साथ ही विकास ही मुख्य उद्देेश्य होना चाहिए। कई बार जीत कर आने वाले सभासदों की जिम्मेदारी अधिक होगी क्योंकि जनता लगातार उन पर भरोसा जताती आ रही है।
नगर पालिका परिषद के प्रांगण में भव्य पंडाल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि कृषि राज्यमंत्री के पहुंचने के बाद ठीक 01 बजकर 34 मिनट पर एसडीएम सदर सुशील प्रताप सिंह ने सबसे पहले नवनिर्वाचित अध्यक्ष शशि श्रीवास्तव को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसके बाद मौजूद सभी 29 सभासदों को एक साथ शपथ दिलाई गई। इसी तरह रामनगर में एसडीएम लव कुमार सिंह ने अध्यक्ष बद्री विशाल त्रिपाठी व सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप मौजूद रहे।
फतेहपुर नगर पंचायत में भी रामनगर एसडीएम लवकुमार सिंह ने अध्यक्ष रेशमा मशकूर व सदस्यों को शपथ दिलाई। नवसृजित बेलहरा नगर पंचायत की पहली महिला अध्यक्ष बनी कुरेशा बेगम व सदस्यों को भी एसडीएम रामनगर ने ही पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर पूर्व मंत्री फरीद महफूज किदवई मुुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बंकी नगर पंचायत की अध्यक्ष अंशू सिंह व सदस्यों को सदर एसडीएम एसपी सिंह ने शपथ दिलाने की कार्रवाई पूरी कराई। देवा नगर पंचायत के प्रांगण में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट संतोष कुुमार ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष साहबे आलम वारसी व सदस्यों को शपथ दिलाई।
इसी तरह नगर पंचायत सतरिख में अध्यक्ष मुमताज बेगम व 11 वार्डों के सदस्यों को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट रामनरायण यादव द्वारा शपथ दिलाई गई। इस कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व कबीना मंत्री अरविंद सिंह गोप मौजूद रहे।
जैदपुर नगर पंचायत में भी नवनिर्वाचित अध्यक्ष चांदबीबी व मेंबरों को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट आरएन यादव ने शपथ दिलाई। हैदरगढ़ नगर पंचायत के प्रांगण में एसडीएम पंकज कुमार ने अध्यक्ष पूूजा दीक्षित व सदस्यों को शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक बैजनाथ रावत, जैदपुर विधायक सतीश शर्मा सहित डीएम व एसपी भी मौजूद रहे।
एसडीएम पंकज कुमार ने ही सुबेहा नगर पंचायत अध्यक्ष शहनाज बानों व सदस्यों को भी शपथ दिलाई। यहां पर भी पूर्व मंत्री गोप व पूर्व विधायक राममगन रावत मौजूद रहे। सिद्धौर नगर पंचायत में भी नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रेमावती व मेंबरों को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट संतोष कुमार द्वारा शपथ दिलाई गई। यहां पर राज्यसभा सांसद डॉ. पीएल पुनिया के पुत्र तनुज पुनिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
दरियाबाद नगर पंचायत के अध्यक्ष नूर आलम व सदस्यों को आरएसघाट के एसडीएम राहुल यादव ने शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि पूर्व प्रमुख विवेकानंद पांडेय मौजूद रहे। इसी प्रकार टिकैतनगर के शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के कृषि राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह व सांसद लल्लू सिंह मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष जगदीश प्रसाद वैश्य व सदस्यों को एसडीएम सिरौलीगौसपुर अजय कुमार द्विवेदी ने शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विधायक शरद अवस्थी, सतीश शर्मा व बैजनाथ रावत, पूर्व मंत्री संग्राम सिंह वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शीला सिंह, प्रभारी भिखारी सिंह, जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, निर्वतमान चेयरमैन रंजीत बहादुर श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
शपथ लेने वाले नगर पालिका के सभासद : अध्यक्ष शशी श्रीवास्तव के बाद परिषद के 29 नवनिर्वाचित सदस्यों सरिता देवी, राम अभिलाख, अनूप कुमार, दुखतरी बेगम, शालिनी श्रीवास्तव, छाया पटेल, इश्तियाक अहमद, प्रेमचंद्र, पुष्पलता वर्मा, रवि शंकर, गीता देवी, सावित्री सिंह, शालू मौर्या, इरफाना खातून, मुजिबुद्दीन, ताज बाबा राईन, नसरीन बानो, देवेंद्र प्रताप सिंह ज्ञानू, मो.नईम, नजमा बानो, गौरी गुप्ता, सादिक हुसैन, रोहिताश्व दीक्षित, अजय नरायन, पंकज मिश्रा, मो. फैसल, मनोज गुप्ता व शील प्रकाश ने शपथ ली।
अव्यवस्था से नाराज सात सदस्यों ने नहीं ली शपथ : सिद्धौर नगर पंचायत द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में अव्यवस्था से नाराज नवनिर्वाचित सात सदस्यों ने शपथ ग्रहण नहीं की। हालांकि अतिरिक्त मजिस्ट्रेट संतोष कुमार द्वारा रूठे सदस्यों को मनाने का दौर जारी था।
मंगलवार को स्थानीय नगर पंचायत के प्रांगण में ईओ मनोज गोस्वामी द्वारा शपथ ग्रहण समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। नगर पंचायत अव्यवस्था का आलम यह रहा कि शपथ लेने आए कुल 11 नवनिर्वाचित सदस्यों में से 7 सदस्यों को बैठने के लिए कुर्सियां ही नहीं मिलीं।
जिससे नवनिर्वाचित सदस्य अखिलेश यादव, मतीन अहमद, आशिक अली, दिनेश चंद्र, इस्लाम, कमलेश व अभिषेक यादव नाराज होकर लौट गए। शपथ ग्रहण समारोह में अध्यक्ष प्रेमावती व चार सदस्यों ने ही शपथ ग्रहण किया।
हालांकि अतिरिक्त मजिस्ट्रेट संतोष कुमार व ईओ मनोज गोस्वामी द्वारा रूठे सदस्यों का मनाने का दौर जारी था। सात सदस्यों द्वारा कार्यक्रम में शपथ न लिए जाने की यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।