दरियाबाद (बाराबंकी)। विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद अब 10 मार्च को मतगणना होनी है। सरकार बनते ही खनिज तेलों के दामों की बढ़ोतरी की अफवाह सुनकर दरियाबाद कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सुबह से ही पेट्रोल पंप पर लाइन लगाकर पेट्रोल, डीजल भरवाने में जुटे दिखाई दिए।
लोगों का मानना है कि सरकारी तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कई चरणों में बढ़ोतरी करने की तैयारी है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ गये हैं। ऐसे में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमत भी बढ़ने के आसार हैं।
कीमत वृद्धि की अफवाह के चलते दरियाबाद में सोमवार रात से ही पेट्रोल और डीजल वाहनों में भरवाने के लिए पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी। कई पंपों पर रात में वाहनों की लाइन लग गई। अधिक से अधिक पेट्रोल और डीजल वाहनों में भरवाना चाह रहा था। जिससे अफरातफरी का माहौल रहा। आलम यह रहा कि टिकैतनगर, रेवडा और दरियाबाद के कुछ पेट्रोल पंप पर तो तेल ही खत्म हो गया।
वहां से लोगों को मायूस ही लौटना पड़ा। सोशल मीडिया पर भी अफवाह उड़ी कि पेट्रोल और डीजल में मूल्यवृद्धि होने जा रही है। इसके बाद पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लाइन लगने लगी। कुछ पेट्रोल पंप मालिक मुनाफाखोरी के चक्कर में पेट्रोल-डीजल होते हुए भी अपने पेट्रोल पंपों को ड्राई घोषित कर दिया।
ड्रमों में भर-भर कर ले जा रहे तेल
जैदपुर। यूक्रेन और रूस के बीच में चल रही जंग के बीच में पेट्रोल व डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए पेट्रोल पंप पर लाइन लगी रही। 24 घंटे में एक पेट्रोल पंप पर 12 हजार लीटर तेल की बिक्री होने से पंप खाली हो गया। जिससे रूटीन में गाड़ियों में तेल भराने वालों को वापस लौटना पड़ा।
पेट्रोल व डीजल में 10 रुपये से अधिक महंगा होने के चर्चा से जैदपुर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर ड्रम व पिपियों में तेल भराने वालों की लंबी लाइन लगी रही। पेट्रोल पंप के प्रबंधक बबलू कुमार ने बताया कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि लोग भारी मात्रा में डीजल और पेट्रोल भर-भरकर रख रहे हैं।