रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। रामसनेहीघाट बस स्टेशन का हवन पूजन के साथ शनिवार को शिलान्यास हुआ। बस स्टेशन के बनने से रामसनेहीघाट नगर पंचायत के साथ ही दरियाबाद, टिकैतनगर, देवीगंज, बडेला, कोटवा सड़क सहित आसपास के करीब 500 सौ गांव के लोगों का आवागमन सुगमता से हो सकेगा। शिलान्यास में मौजूद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक राम की नगरी अयोध्या का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले रामसनेहीघाट में बन रहे रोडवेज स्टेशन की आकृति राम मंदिर जैसी होगी जिससे बाहर से आने वाले यात्रियों को यहीं से भगवान राम के प्रति आस्था दिखनी शुरू हो जाएगी।
सांसद लल्लू सिंह, विधायक सतीश शर्मा, एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी, पूर्व जिलाध्ययक्ष अवधेश श्रीवास्तव तथा परिवहन विभाग के आरएम राजीव वर्मा ने संयुक्त रूप से हवन पूजन करके रोडवेज स्टेशन निर्माण की नींव की पहली ईंट रखी। मालूम रहे कि लखनऊ अयोध्या के मध्य स्थित भिटरिया में रोडवेज बस स्टेशन बनाए जाने की मांग कई दशकों से यहां के नागरिक और जनप्रतिनिधि कर रहे थे।
उनकी इस मांग को शासन ने गंभीरता से लिया। बस स्टेशन निर्माण के लिए जमीन की तलाश करके तहसील मुख्यालय से सटे राजमार्ग के किनारे बसे धरौली गांव के निकट करीब 16 बीघे भूमि राजस्व विभाग द्वारा चिन्ह्ति की गई है। शिलान्यास के मौके पर टिकैतनगर के चेयरमैन जगदीश गुप्ता, एआरएम आरएस वर्मा, जवाहर लाल वर्मा, दिलीप मिश्रा, सुरेंद्र मिश्रा, पीके यादव, राजीव बहुगुणा आदि मौजूद रहे।