बाराबंकी। अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार देर रात रोडवेज की एक चलती बस में आग लग गई। अचानक ऐसा होने से उसमें सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ी कर दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार दिया। चालक, परिचालक व यात्रियों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन बस धू-धू कर जलने लगी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। बस में सवार 47 यात्रियों के अलावा चालक, परिचालक सुरक्षित हैं। यात्रियों को रात में ही दूसरी बस से कानपुर भेजा गया।
देवरिया से कानुपर जा रही रोडवेज बस देर रात शहर कोतवाली क्षेत्र में बड़ेल स्थित वादी नगर के पास पहुंची ही थी कि उसमें आग लग गई। बस चालक राजीव कुमार ने बताया कि वह शुक्रवार को 57 यात्रियों को लेकर बाराबंकी होते हुए कानपुर जा रहा था। बाराबंकी बस स्टेशन पर 10 यात्री उतरे थे। उसके बाद 47 यात्रियों को लेकर कानपुर के लिए बस रवाना हुई। जैसे ही बस हाईवे पर वादी नगर के पास पहुंची थी कि इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
यह देखते ही ड्राइवर ने बस खड़ी कर उसमें सवार सभी यात्रियों को जल्दी-जल्दी नीचे उतारा। बस चालक ने अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी बीच बस की बैट्री खोलकर हटाने का भी प्रयास किया गया लेकिन आग बड़ी तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी।
परिचालक ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मी जब तक आग बुझा पाते बस जल गई। चालक राजीव कुमार ने बताया कि इसकी सूचना एआरएम बाराबंकी और आरएम लखनऊ को दी। रात को ही लखनऊ से दूसरी बस भेजकर सभी 47 यात्रियों को कानपुर के लिए भेजा गया।
कानपुर जा रही देवरिया डिपो की बस में शहर के वादी नगर के पास आग लग गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और कानपुर भेज दिया गया। आग लगने के मामले में लखनऊ से एक्सपर्ट की टीम जांच के लिए आ रही है। शॉर्ट सर्किट कैसे हुई बस की फिटनेस थी कि नहीं इसकी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
-आरएस वर्मा, एआरएम
शॉर्टसर्किट से कार में लगी आग
मसौली। लखनऊ से रुपईडीहा जा रही एक कार में शहावपुर टोल प्लाजा के पास शॉर्टसर्किट से आग लग गयी। इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कार सवार लोगों ने नीचे कूदकर अपनी बचाई। वहीं धू-धूकर जल रही कार को टोलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझा दिया। घटना शनिवार की शाम करीब छह बजे बहराइच हाईवे की है।
कार में आग की लपटें देख चालक सुंदरलाल ने कार बंद की। उसके बाद कार में सवार अमरनाथ सोनी, सुरेश सोनी, गिरजा देवी ने नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। कार को जलता देख टोलकर्मियों ने पहले कार्बन डाईऑक्साइड गैस से आग बुझाने की कोशिश की। मगर, जब सफलता नहीं मिली तो पानी डालकर आग बुझाई। संवाद