बाराबंकी। कोरोना के आठ नए संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कराते हुए चिकित्सकों को इन पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी सीएचसी अधीक्षकों को पूरी तरह से अलर्ट रहने का आदेश जारी किया गया है। वहीं अस्पतालों में लगे ऑक्सीजन प्लांटों को रनिंग पोजिशन में रखने को कहा गया हैं। विभाग का दावा है कि जिले की 95 प्रतिशत आबादी को पहली डोज लगा दी गई है। इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है बल्कि सतर्क रहने की आवश्यकता है।
जिले में पिछले तीन दिनों के अंदर 10 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। शुक्रवार को जिले में 1171 लोगों ने कोरोना की जांच कराई। इसमें से त्रिवेदीगंज क्षेत्र में तीन, हैदरगढ़ में एक, हरख में दो, सिद्धौर में एक और जाटा बरौली क्षेत्र में एक कोरोना संक्रमित पाया गया। जिले में एक साथ आठ संक्रमित मिलने से विभाग में हड़कंप मच गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट कराते हुए चिकित्सकों को इन पर नजर रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इस तरह से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए विभाग भी पूरी तरह से सतर्क हो गया है। इस संबंध में सभी सीएचसी अधीक्षकों को अलर्ट कर दिए गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए उनको पूरी तरह से तैयार रहने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर, सीएचसी फतेहपुर और सीएचसी सिद्धौर आदि में लगे ऑक्सीजन प्लांटों को पूरी तरह से रनिंग पोजिशन में रखने को कहा गया है।
बाहर से आने वालों पर रखें नजर
जिले में पिछले दो दिनों से मिल रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए सीएचसी अधीक्षकों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि गैर राज्यों से आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जाए। यदि इनमें किसी प्रकार के लक्षण नजर आते हैं तो इनकी तथा इनके परिवार के अन्य सदस्यों की तत्काल जांच कराई जाए और इसमें संक्रमित पाए जाने पर होम आइसोलेट कराते हुए बराबर नजर रखी जाए।
बढ़ाया गया जांचों का दायरा
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह बताते हैं कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जांचों का दायरा और बढ़ा दिया गया है। प्रतिदिन कम से कम 1200 से 1500 जांचें की जा रही हैं। उन्होंने दावा कि जिले की 95 प्रतिशत आबादी को कोरोना का पहला टीका लगा दिया गया है। दूसरी डोज भी तेजी से लगाई जा रही है। इसके अलावा बूस्टर डोज भी लगाए जाने कार्य तेजी से चल रहा है। इसके लिए लगातार लोगों को अभियान चलाकर जागरुक किया जा रहा है।