कोतवाली के बेलवा गांव की आबादी के समीप बाग स्थित खुले कुएं में गिरे बालक की पानी में डूब कर मौत हो गई। भाई व गांव के अन्य बच्चों के साथ आम तोड़ते समय पैर फिसलने से यह हादसा हुआ है। सूचना फायरकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन कुएं में उतरने में आनाकानी करते रहे।
मृतक के चचेरे भाई ने रस्सी के सहारे कुएं में उतर कर ढाई घंटे बाद शव को बाहर निकाला। बुधवार को कोतवाली के बेलवा गांव निवासी रामसरन का आठ वर्षीय पुत्र पिंटू अपने बड़े भाई शिवम व अन्य बच्चों के साथ आबादी के समीप रामबहादुर की बाग से आम तोड़ने गया था।
पेड़ पर पत्थर फेंक कर सभी पका आम तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान दिन में करीब बारह बजे पेड़ पर पत्थर फेंकने में पैर फिसलने से पिंटू बाग में मौजूद लखोरी ईंटों से बने पुराने कुएं में गिर गया। छोटे भाई के कुएं में गिरने पर शिवम के रोने चिल्लाने पर समीप नहर पर कार्य कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
इसके बाद मौके पर अग्निशमन दस्ते के कर्मी मौके पर पहुंच तो गए, लेकिन कुएं के अंदर जाने की हिम्मत कोई नहीं जुटा सका। काफी समय बाद मौके पर पहुंचे मृतक की बुआ के पुत्र रामकेश ने फायर कर्मियों की सहायता से कुएं के अंदर पहुंच कर रस्सी के सहारे उसको बाहर निकाला।
इन कवायद में ढाई घंटे से अधिक समय बीतने से बालक की कुएं में ही मौत हो गई थी। मौके पर मौजूद कोतवाली पुलिस व फायर कर्मियों ने बालक का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।