बाराबंकी। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से घट रही है। एक्टिव केसों की संख्या एक हजार से भी कम हो गई है। शुक्रवार की शाम आई जांच रिपोर्ट में 86 और संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है। जबकि 162 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हुए हैं। इस तरह से जिले में एक्टिव केसों की संख्या अब महज 970 ही रह गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शुक्रवार की शाम आई जांच रिपोर्ट में जिले में करीब 2216 लोगों ने कोरोना की जांच कराई। इनमें से 86 लोग संक्रमित पाए गए। जांच रिपोर्ट में शहर के अलग-अलग मोहल्लों के रहने वाले 27 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें निकट विकास भवन, महर्षि नगर, लखपेड़ाबाग, निकट लाल कोठी के पीछे, सिद्धार्थ नगर, जलालपुर, तहसील नवाबगंज, सत्यप्रेमी नगर, आवास विकास कॉलोनी, पटेल नगर निकट गोविंद फैक्टरी, स्टेशन रोड माल गोदाम रोड आदि के रहने वाले लोग शामिल हैं।
इसके अलावा त्रिवेदीगंज में 2, हैदरगढ़ में एक, रामसनेहीघाट में एक, जाटा बरौली में 13, टिकैतनगर में एक, हरख में 9, फतेहपुर में 9, बड़ागांव में 3, सिरौलीगौसपुर में 3, दरियाबाद में एक, घुंघटेर में एक, सूरतगंज में 10, रामनगर में 5 और सिद्धौर में एक मरीज संक्रमित पाया गया। इस तरह से जिले में कुल 86 मरीज संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है। जबकि उपचार के बाद 162 लोग स्वस्थ हुए हैं। इस तरह से जिले में एक्टिव केस की संख्या घटकर 970 रह गई है।
साढ़े 27 हजार को लगा कोरोना का टीका
जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को 27 हजार 701 को कोरोना का टीका लगाया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि चलाए जा रहे अभियान के तहत 15 से 18 आयु वर्ग के 6556, बूस्टर डोज 1618 लोगों को लगाई गई। इसके अलावा 18 प्लस वालों में 12295 को पहली तथा 7232 को दूसरी डोज दी गई।
जिले में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से घट रही है। शुक्रवार की शाम आई जांच रिपोर्ट में 86 नए संक्रमित पाए गए हैं। लोगों से अपील की जाती है कि भले ही मरीज तेजी से घट रहे हो लेकिन लापरवाही बरतने की जरूरत नहीं है। सतर्कता बहुत जरूरी है। वहीं जिन लोगों ने अभी तक टीके की पहली खुराक नहीं ली है उनसे अपील की जाती है कि वह निकट के केंद्र पर जाकर टीके की पहली खुराक अवश्य ले लें।
-डॉ. रामजी वर्मा, सीएमओ