डीएम अपने दफ्तर में साढ़े छह घंटे सुनेंगे लोगों की समस्याएं
बाराबंकी। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनने के लिए समय निर्धारित किया है। वे सुबह से शाम साढ़े छह घंटे लोगों से मिलेंगे।
डीएम डॉ. सिंह ने बताया कि जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए साढ़े छह घंटे कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। डीएम के मुताबिक सुबह नौ से दोहर बाद डेढ़ बजे तक और शाम को तीन बजे से पांच बजे तक कार्यालय में जनता की शिकायतें सुनेंगे। इस दौरान लोग अपनी समस्याओं से अवगत करा सकते हैं। इसके लिए अधिकारियों को भी हिदायत दी गई है। तहसील स्तरीय अधिकारियों को भी लोगों की समस्याएं अपने कार्यालय पर सुनने और उनका निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं।