बाराबंकी। प्रधान की तीन रिक्त सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव में तेरह लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल करते हुए दावेदारी ठोकी है। सिरौलीगौसपुर ब्लॉक क्षेत्र की दो और बनीकोडर की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर रविवार को इन दोनों ब्लॉकों पर रिटर्निंग अफसर के समक्ष नामांकन पत्र जमा किए गए। नामांकन पत्रों की जांच सोमवार को होगी।
सिरौलीगौसपुर विकासखंड क्षेत्र में ग्राम प्रधान के रिक्त पड़े दो पदों के लिए नामांकन के अंतिम दिन नौ लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। ग्राम पंचायत मरकामऊ में मृतक पूर्व प्रधान आनंद शंकर गुप्ता की पत्नी रेखा गुप्ता ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसके साथ ही मो. तालिब और यासमीन ने भी नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
इस प्रकार यहां कुल तीन नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। वहीं ग्राम पंचायत तारापुर गुमान में मृतक प्रधान धनीराम यादव के पुत्र पंकज कुमार यादव तथा मनमोहन सिंह और संजय सिंह सहित कुल छह लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल कर दावेदारी ठोकी है।
इसी तरह रामसनेहीघाट तहसील क्षेेत्र के बनीकोडर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सादुल्लापुर में मृतक पूर्व प्रधान अनिल वर्मा की पत्नी शीला देवी ने नामांकन पत्र भरा है। इसके साथ ही मनोज कुमार, दिलीप कुमार और नीरज ने भी नामांकन पत्र जमाकर दावेदारी ठोकी है। इसके अलावा पंद्रह ब्लॉक क्षेत्रों के रिक्त 122 ग्राम पंचायत सदस्य के पदों पर भी नामांकन हुआ है। सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके अगले दिन मंगलवार को नाम वापसी और चुनाव चिह्न का वितरण होगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान के रिक्त तीन पदों के लिए कुल तेरह नामांकन पत्र भरे गए हैं। इनकी जांच के बाद आगे की कार्यवाही तय समय पर होगी। मतदान 20 दिसंबर को कराया जाएगा।