बाराबंकी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला का आयोजन रविवार को सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। इस दौरान कुल 1159 मरीज मेले में आए जिन्हें परामर्श देने के साथ दवाइयां वितरित की गईं।
कोरोना संक्रमण के कारण स्वास्थ्य मेले के आयोजन पर रोक लगा दी गई थी। अब संक्रमण थमने के बाद इनका आयोजन फिर शुरू हुआ है। रविवार को हरख ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेठमऊ में स्वास्थ्य एमएलए डॉ. केतन आनंद ने 16 मरीजों को देखा। सूरतगंज के अंतर्गत नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुढ़ियामऊ में 38 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
त्रिवेदीगंज ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहावर में पूरा दिन केवल 13 मरीज पहुंचे। सबसे अधिक भीड़ ब्लॉक स्तरीय सीएचसी पर रही। डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि मेले में आने वाले मरीजों का फॉलोअप भी किया जाएगा। उधर, रविवार को जिले में 722 लोगों की कोरोना जांच की गई जिसमें कोई भी व्यक्ति पॉजीटिव नहीं पाया गया। जिले में कोरोना के अब केवल 14 एक्टिव केस बचे हैं।