फोटो- 17 दीपक। फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
बांदा। हरदौली घाट स्थित कांशीराम कालोनी में विराजमान दुर्गा प्रतिमा का कमेटी सदस्यों ने बुधवार को विसर्जन किया। वापस घर जाते समय ट्रैक्टर के बोनट पर बैठा युवक नीचे गिर गया और करीब 20 मीटर तक घिसट गया। उसकी अस्पताल में मौत हो गई।
कांशीराम कॉलोनी हरदौली घाट निवासी अज्जू ने बताया कि उसका भाई दीपक (21) और साथियों ने कांशीराम कॉलोनी में दुर्गा प्रतिमा की स्थापना की थी। बुधवार को विसर्जन जुलूस में शामिल होकर सभी लोगों ने मातारानी की प्रतिमा का रात साढ़े 10 बजे विसर्जन किया। 11 बजे सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस घर आ रहे थे। दीपक ट्रैक्टर के बोनट पर बैठा था। भूरागढ़ में त्रिवेणी रोड के पास ब्रेकर में संतुलन बिगड़ने से दीपक ट्रैक्टर के बोनट से नीचे जा गिरा और करीब 20 मीटर तक घिसट गया।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीने और सिर पर गंभीर चोट आई। घायल को उसके साथी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां पर उपचार के दौरान दीपक की मौत हो गई। पिता संतोष ने बताया कि उसका बेटा शहर की टीवीएस एजेंसी में काम करता था। नगर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि भूरागढ़ इलाके में युवक ट्रैक्टर के बोनट से गिरकर ट्रैक्टर में फंसकर काफी दूर तक घिसट गया था, इससे उसकी मौत हो गई।