अतर्रा (बांदा)। घर से चारा लेने खेत जाने की बात कहकर निकली महिला की हत्या कर दी गई। शव खेत में लहूलुहान हालत में मिला। नजदीक में ही खून से सनी ईंट पड़ी मिली। इसी से उसका सिर और चेहरा कुचला गया था। जिस्म से जेवर गायब होने पर लूट की भी आशंका जताई गई है। पुलिस दुष्कर्म आदि की संभावना पर भी जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के बड़ागांव में गुरुवार शाम चिंता (47) पत्नी रामा पटेल पशुओं के लिए चारा लेने खेत गई थी और रात तक वापस नहीं लौटी। देर रात कुछ राहगीरों और आसपास के किसानों ने उसका शव खेत में पड़ा देखा। कपड़े अस्त-व्यस्त और सिर कुचला हुआ था।
बिसंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों को भी सूचना दी। देर रात पुलिस अधीक्षक अभिनंदन भी मौके पर पहुंच गए। उनके साथ डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम भी थी। घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। क्षेत्राधिकारी सियाराम और थाना इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह को निर्देश दिया कि टीमें बनाकर हत्यारों की खोज कराएं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका के चचेरे भाई और समाजसेवी पीसी पटेल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कान, नाक और पैरों के जेवर गायब हैं। कपड़े भी अस्त-व्यस्त हैं। चिंता चार बच्चों की मां है। बड़ी बेटी की शादी इसी साल की है। पति रामा पटेल किसान है। उसी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटनास्थल पर परिजनों से पूछताछ करते एसपी अभिनंदन। - फोटो : BANDA