संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। छह माह से अपने पति से अलग रह रही महिला ने अपने पुलिस कर्मी पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके मोबाइल नंबर पर किसी ने एसटीएफ का एसपी बनकर कॉल की, फोन पर अश्लील बातें कहीं, दुष्कर्म करने की धमकी दी।
हाईकोर्ट से मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। इससे भयभीत होकर महिला ने उपमहानिरीक्षक चित्रकूट धाम राजेश एस. से अपने पुलिस कर्मी पति के खिलाफ शिकायत की है। रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक महिला ने बताया कि उसका निकाह 15 फरवरी 2023 को पुलिस कर्मी के साथ हुआ था। वर्तमान में वह चित्रकूट जनपद में दीवान पद तैनात है। महिला का आरोप है कि पुलिस कर्मी ने उसे धोखा देकर निकाह किया था। डेढ़ साल तक वह पति-पत्नी की तरह साथ रहे।
जब महिला ने भरण पोषण का मुकदमा दर्ज कराया तो 14 सितंबर को मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति ने खुद को एसटीएफ का एसपी बताकर बात की। धमकी दी कि उसने उसके खिलाफ हाईकोर्ट से मुकदमा दर्ज कराया है।
उसके बाद 13 नवंबर को मंडी समिति के दरोगा का फोन आया, उन्होंने भी पति के खिलाफ मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाया है। पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश एस ने महिला को आश्वासन दिया है कि वह उसके पति व महिला को बुलाकर मामले की दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कार्रवाई करेंगे।