संवाद न्यूज एजेंसी तिंदवारी (बांदा)। फतेहपुर से बांदा जा रही रोडवेज बस और बांदा से तिंदवारी जा रही कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार चालक की स्टेयरिंग में फंसकर मौत हो गई। कार में सवार तीन अन्य गंभीर घायल हो गए। सभी को पुलिस ने तिंदवारी पीएचसी में भर्ती कराया है। तिंदवारी थाना क्षेत्र के मिरगहनी गांव निवासी विकास त्रिपाठी ने बताया कि उनका मित्र नीरज द्विवेदी (32) अपने साथियों अमित (27), मनीराम (26) व प्रियांशु (26) के साथ मंगलवार को किसी काम से बांदा आए थे। यहां से रात करीब नौ बजे वह वापस तिंदवारी जा रहे थे। तिंदवारी थाना क्षेत्र के मुंगुस गांव के पास नहर पटरी पर फतेहपुर की ओर से बांदा जा रही सवारियों से भरी बस से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार की वजह से हादसा हुआ। हादसे में कार चालक नीरज द्विवेदी की स्टेयरिंग में फंसकर मौत हो गई। जबकि तीनों अन्य गंभीर घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तिंदवारी पीएचसी पहुंचाया। यहां से अमित को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। टक्कर लगने से कार पटरी किनारे लगे पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
नीरज तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई पंकज द्विवेदी की दो साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। नीरज प्राइवेट कंपनी में काम करता था। कंपनी के काम से बांदा गया था। पिता बैकुंठनाथ द्विवेदी किसान हैं।
घर में मां रीता हैं। कुरसेजा चौकी इंचार्ज रोशनी सेंगर ने बताया कि रोडवेज में बैठी सवारियों को दूसरे बस से गंतव्य के लिए भेजा गया है। तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर दीपेंद्र सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना की जांच की जा रही है।