-अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के गोखिया गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। नशे में घर आए पति से महिला की कहासुनी हो गई। इस पर पति ने उसे पीट दिया। इससे क्षुब्ध होकर महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह होने पर सास ने उसे फंदे से लटका देखा तो जानकारी हो सकी।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र सियारपाखा गांव निवासी पप्पू साहू ने बताया कि उनकी भांजी पप्पी (26) अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के गोखिया गांव में ब्याही थी। मंगलवार की रात उसका पति राकेश शराब के नशे में घर आया था। नशे में उसका पप्पी से विवाद हो गया। कहासुनी में राकेश ने पप्पी को पीट दिया। इससे क्षुब्ध होकर पप्पी ने घर के कमरे के अंदर अपनी साड़ी से पंखे के छल्ले से फंदा लगा लिया। बुधवार को सुबह सास धनिया ने देखा तो ससुरालियों को जानकारी हो सकी। उधर, सास धनिया का कहना है कि रात में पति- पत्नी के बीच आपसी विवाद हुआ था। इसी के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया है। उसके दो पुत्री एक पुत्र है। अतर्रा कोतवाली इंस्पेक्टर ऋषिदेव सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के आपसी विवाद के चलते खुदकुशी की है।