Ward full of diarrhea, abdominal pain and fever
- फोटो : BANDA
बांदा। भीषण गर्मी और उमस ने मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। सबसे ज्यादा डायरिया, पेट दर्द, बुखार आदि रोगी बढ़े हैं। इनमें शहरी रोगी ज्यादा हैं। इन मरीजों से जिला अस्पताल के सभी वार्डों के पलंग ‘हाउसफुल’ हैं। अस्पताल के वार्डों में मरीजों के साथ आने वाले लोगों की संख्या को लेकर सीएमएस ने ‘एक मरीज-एक तीमारदार’ का फरमान जारी कर दिया है।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में लगभग 1210 मरीज इलाज कराने पहुंचे। इनमें अधिकांश डायरिया, उल्टी-दस्त, पेट दर्द आदि के मरीज थे। गंभीर मरीजों को भर्ती किया गया। सोमवार को लगभग 27 मरीज ट्रामा सेंटर और जिला अस्पताल वार्ड में भर्ती किए गए हैं। सबसे ज्यादा संख्या शहरी बीमारों की है।
डायरिया से ग्रसित नेहा (21) इंदिरा नगर, पूजा (28) क्योटरा, पूजा (30) शंकर नगर, सीता (42) कालका चौराहा, साहिल (10) गल्ला मंडी, दुर्गेश (33) सिविल लाइन, अनवरी (42) जवाहर नगर, रामा (40) आजाद नगर, गोविंद (18) क्योटरा, महेश कुमार (50) खिन्नी नाका, बबलू (32) छाबी तालाब आदि मरीज भर्ती हुए।
उधर, सीएमएस डॉ. एसएन मिश्र ने वार्डों और पलंगों में तीमारदारों की भीड़ पर नाराजगी जताई है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि एक मरीज के साथ सिर्फ एक तीमारदार ही रुकेगा। अन्य लोगों को बाहर किया जाए। न मानने वालों पर कार्रवाई हो।