बांदा। जिला पंचायत की बैठक में गड्ढायुक्त सड़कों और छुट्टा मवेशियों का मुद्दा छाया रहा। सदस्यों ने हाईवे से लेकर गांवों तक की सड़कों की मरम्मत के प्रस्ताव दिए। साथ ही फसल से पहले छुट्टा मवेशियों को गोशालाओं में पहुंचाने को कहा गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बजट न होने की बात कहते हुए सदस्यों से छोटे कार्यों के प्रस्ताव देने को कहा। इसके अलावा व्यक्ति विशेष के कार्यों के प्रस्ताव न देने को कहा गया। पूर्व निर्धारित एजेंडे के तहत शनिवार को जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष सुनील सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छुट्टा पशुओं से किसान परेशान हैं। सीडीओ को निर्देश दिए कि गोशालाओं को दुरुस्त कर मवेशियों को संरक्षित करें। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि कनवारा, अतर्रा, पौहार व सिंधनकलां में नई गोशालाएं बनाई जा रही हैं।
सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने मार्गों का अनुरक्षण न करने पर नाराजगी जाहिर की। सदस्य भरत सिंह ने चिल्ला से बांदा तक स्टेट हाईवे की दुर्दशा बताई। पीडब्ल्यूडी अभियंताओं ने कुछ सड़कों के चौड़ीकरण और मरम्मत के बारे में सदस्यों को अवगत कराया।
सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य ने शहीदों की मूर्ति और द्वार निर्माण के लिए कहा। हरेक सदस्य से एक छोटा व बड़ा बरात घर और अंत्येष्टि स्थल निर्माण के लिए प्रस्ताव लिए जाने को कहा गया।
अपर मुख्य अधिकारी सुरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि गांव के अंदर के कार्यों व व्यक्ति विशेष के कार्यों को प्रस्ताव में शामिल न किया जाए। सदस्य इंद्रजीत यादव, मयंक द्विवेदी आदि ने भी सड़क और अन्य समस्याएं बताईं।
बैठक में विधायक नरैनी राजकरण कबीर, राजाराम, रजनी, मंजू, कृष्णा देवी, अरुण कुमार, संतराम सिंह, सुजाता, सीता सिंह, इंद्रजीत, गायत्री देवी, नीरज कुमार, श्वेता सिंह, प्रेमा, रेखा, आशा वर्मा, सुमनलता, राजकुमार, मीराबाई पटेल, चंद्रशेखर, कमलेश, अब्दुल रईस, शिवकरन आदि डीडीसी व ब्लाक प्रमुख आदि उपस्थित रहे।