तिंदवारी। क्षेत्र के जौहरपुर, भुजरख, माटा, जसईपुर सहित अन्य गांवों की बिजली आपूर्ति शनिवार देर रात को ठप हो गई। इससे उमस भरी गर्मी में हजारों ग्रामीण परेशान रहे। लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अधिकारी समस्या को सुनते तक नहीं हैं। देशराज, उमेश, सरजू, भैरम सहित अन्य उपभोक्ताओं ने कहा कि सामान्य मौसम में भी सुचारू रूप से बिजली नहीं आती। देर रात करीब एक बजे से आपूर्ति ठप है। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं और अधिकारी चैन से बैठे हैं। बताया कि समस्या जानने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन जेई व कर्मचारियों ने जवाब देना भी ठीक नहीं समझा।
अवधेश मिश्रा, अंकित, ओमप्रकाश यादव, अरुण वर्मा सहित अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में हल्की तकनीकी खराबी या मामूली हवा चलने पर भी घंटों बिजली गुल रहना अब सामान्य बात हो गई है। इससे लाइन मेंटेनेंस और शिकायत निस्तारण व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। लोगों ने कहा कि 24 घंटे बिजली के दावे झूठे साबित होते हैं। अवर अभियंता मोहित सिंह ने बताया कि बिजली सुचारू से आपूर्ति की जा रही है। फाल्ट होने से बिजली की समस्या हुई होगी। जल्द ही उसको दुरुस्त कर दिया जाएगा।