बांदा। झांसी मंडल के खुरहंड-अतर्रा रेलखंड स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या-472 पर आधुनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का कार्य रविवार को पूरा कर लिया गया। नई व्यवस्था शुरू होने से रेलवे फाटक की सुरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ेगी, रेल और सड़क यातायात का संचालन अधिक सुरक्षित व सुगम होगा।
रविवार दोपहर 1:55 बजे से 2:10 बजे तक डिस्कनेक्शन मेमो लेकर निर्धारित समय में तकनीकी कार्य पूरा कर सिस्टम का सफलतापूर्वक कमीशनिंग की गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लेवल क्रॉसिंग पर ग्लोबल मेक आधारित इंटरलॉकिंग प्रणाली के साथ आधुनिक स्लाइडिंग बूम लगाए गए हैं। इसके अलावा एफट्रॉनिक्स का आरटीयू, विशेष इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा उपकरण और फ्यूज ऑटो चेंजओवर सिस्टम भी स्थापित किया गया है, जिससे फाटक की निगरानी और संचालन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित होगा। निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए स्टेटकॉन एनर्जिया का आईपीएस और 200 एएच क्षमता का बैटरी बैंक भी लगाया गया है। नई प्रणाली के सुरक्षित संचालन के लिए सभी गेटमैनों को प्रशिक्षण और काउंसिलिंग भी दी गई। वरिष्ठ मंडल अभियंता (पूर्व) आयुष गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय), वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) सतवीर सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग किया।