बांदा। पत्नी के मायके जाने से क्षुब्ध होकर बदौसा के दुबरिया क्योटरा गांव निवासी गणेश निषाद (27) ने जहर खा लिया। परिजनों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उसने रात में दम तोड़ दिया।
मामा राजकुमार ने बताया कि गणेश सूरत में रहकर कपड़ा फैक्टरी में काम करता था। एक सप्ताह पहले वह गांव आया था। पत्नी बिट्टी रविवार को मायके सिंहपुर गांव जाने की बात कह रही थी। इस पर उसने मना किया कि दूसरे दिन सोमवार को चलना वह भी साथ चलेगा, लेकिन पत्नी ने उसका कहा नहीं माना और वह मायके चली गई। इससे नाराज होकर उसने सोमवार को सुबह 10 बजे जहर खा लिया।
इस बीच उसकी भाभी ने पुत्र सुंदर को चाचा को खाना खाने के लिए बुलाने को भेजा तो सुंदर ने आकर देखा तो वह गंभीर हालत में मिला। परिजन उसे लेकर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज आए। यहां गणेश ने इलाज के दौरान देर शाम दम तोड़ दिया। गणेश के एक पुत्र एक पुत्री है। चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। बदौसा थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र वर्मा ने बताया कि परिजन पत्नी के मायके जाने की बात कह रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।