नरैनी। नशीला पदार्थ सुंघाकर दो युवकों ने अगवा कर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद उसे खत्री पहाड़ के पास एक खेत में बेहोशी की हालत में फेंककर भाग निकले। पुलिस ने पिता की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म में रिपोर्ट दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि 11 मई को उसकी 17 वर्षीय बेटी को स्कूल के पीछे से दो युवक नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा कर अतर्रा और बांदा शहर ले गए। वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उसके बाद किशोरी को खत्री पहाड़, गिरवां के पास एक खेत में फेंककर भाग निकले। खेत के पास रहने वाले एक बाबा ने किशोरी को देखा तो उन्होंने शोर मचाया। कोतवाली इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि गिरवां निवासी बाबू केवट व अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।