रामनवमी पर शनिवार को जुलूस निकालने के दौरान नवाबी जामा मस्जिद के सामने की सड़क को बेरीकेडिंग लगाकर सील करने पर राम भक्त भड़क उठे।
गोलकोठी तिराहे और अमर टाकीज तिराहे पर लगी बैरीकेडिंग तोड़ने की कोशिश में एक युवक को पीएसी जवान ने थप्पड़ जड़ दिया। इस पर भड़के लोगों ने जुलूस रुकवा दिया। इसी बीच किसी ने पीएसी के साथ धक्का-मुक्की करते हुए थप्पड़ मारने वाले पीएसी जवान को थप्पड़ जड़ दिया। भाजपा नेताओं ने पुलिस के सामने मोर्चा खोल दिया। जमकर नारे लगाए।
बमुश्किल पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत किया। इसके बावजूद गोलकोठी की ओर से कुछ भाजपा नेता और जुलूस में शामिल लोग बैरीकेडिंग पार करके जामा मस्जिद के सामने पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। इस बीच पुलिस ने धैर्य का परिचय देकर मामले को बिगड़ने से बचा लिया।
उधर, शाम करीब 6 बजे जुलूस के छोटी बाजार पहुंचने पर बिजली आपूर्ति बंद होने से रामभक्त भड़क गए। जुलूस रोक दिया। घोषणा की कि बिजली न आने तक जुलूस न बढ़ेगा। करीब आधे घंटे बाद बिजली आपूर्ति चालू होने पर जुलूस आगे बढ़ा। ब्यूरो