मृतक मुन्नीलाल प्रजापति। फाइल फोटो।
तिंदवारी (बांदा)। थाने से चंद कदम की दूरी पर पुलिस कॉलोनी के सामने ट्रक ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई।
पैलानी थानाक्षेत्र के अमलोर गांव निवासी अवनीश प्रजापति ने बताया कि उसके चाचा मुन्नीलाल प्रजापति (28) अपनी ससुराल बबेरू कोतवाली क्षेत्र के काजीटोला गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से वह मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे अपने गांव जा रहे थे। तिंदवारी थानाक्षेत्र के बांदा-टांडा राजमार्ग पर स्थित तिंदवारी थाने से कुछ दूरी पर पुलिस कॉलोनी के सामने पीछे से आए ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
हादसा होते देख वहां भीड़ लग गई। इस बीच ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला। मुन्नीलाल अपने साथ बाइक में आटा, दाल और चावल की बोरी लिए था। वह भी सड़क पर बिखर गईं। भतीजे ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। एक माह पहले ही वह मुंबई से गांव लौटे थे। वहां वह बेलदारी का काम करते थे। पत्नी मंजू अपने मायके काजीटोला में हैं।
उनके दो पुत्र हैं। बजरंग दल के केपी प्रजापति ने बताया कि परिवार बेहद गरीब है। मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता रहा है। तिंदवारी थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।