बांदा। नेशनल हाईवे पर दो ट्रकों से हुई आमने-सामने टक्कर में एक चालक की मौत हो गई। चालक का शव लगभग तीन घंटे ट्रक की स्टेयरिंग में फंसा रहा। दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। चालक फतेहपुर जनपद का रहने वाला था।
घटना रविवार को तड़के करीब तीन बजे की है। फतेहपुर से कबरई गिट्टी लेने जा रहा खाली ट्रक नेशनल हाईवे पर मटौंध थाने के नजदीक कबरई से गिट्टी लेकर आ रहे ट्रक से टकरा गया। दोनों ट्रकों की रफ्तार तेज थी। कबरई की तरफ जा रहे ट्रक चालक अरुण (35) की मौत हो गई। वह स्टेयरिंग में फंस गया। वह फतेहपुर जनपद के पैना खुर्द गांव का रहने वाला था। गिट्टी भरे ट्रक के चालक को भी चोटें आईं।
मटौंध थाना पुलिस ने कई घंटे बाद मशक्कत करके चालक अरुण के शव को क्रेन की मदद से निकलाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, मृतक के परिजन भी आ गए। छोटे भाई तरुण ने बताया कि वह पांच भाई हैं। अरुण सबसे बड़ा था। पिछले 10 वर्षों से ट्रक चलाकर अपने परिवार की परवरिश कर रहा था। पत्नी और दो पुत्र हैं।