बांदा। बेटी की शादी तय होने पर घर में मची कलह के चलते प्रवासी मजदूर युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि नई रिश्तेदारी को लेकर कुछ रिश्तेदार नाराज हो गए थे। पैर न पूजने और शादी में शामिल न होने की बातें होने लगी। इसी से क्षुब्ध होकर युवती ने जान दे दी।
घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के मझीवां सानी गांव की है। मंगलवार की रात हीरामनी (38) पत्नी सुमत वर्मा ने दीवार में लगी खूंटी में साफी बांधकर गले में फंदा कस लिया। देर रात बेटी ने कमरे में रोशनी की तो मां का शव फांसी पर लटका देखा। उसने परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। रिश्ते के दामाद राजू ने बताया कि सोमवार को हीरामनी की बड़ी बेटी संगीता की शादी तय करने मेहमान आए थे। कुछ रिश्तेदारों को नया रिश्ता पसंद नहीं आ रहा था।
हीरामनी के भाई ने शादी में शामिल न होने और पैर न पूजने की बात कही, लेकिन हीरामनी के ससुर छेदीलाल यह रिश्ता नहीं छोड़ना चाहते थे। हीरामनी ने कहा कि शादी में जब भाई नहीं शामिल होंगे तो कैसे बात बनेगी। बाबा वहीं शादी की जिद पर अड़े रहे। इसी को लेकर मंगलवार को सुबह से घर में कलह रही।
रात को हीरामनी ने खाना भी नहीं खाया। इसी तनाव में उसने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त सभी सो रहे थे। अब इस घटना के बाद शादी भी टूट गई। यह भी बताया कि हीरामनी अपने पति सुमत के साथ पंजाब में मजदूरी करती थी। रक्षाबंधन पर दोनों घर लौटे थे। मृतका के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं।