फोटो - 12 गड्ढे में फंसी ट्राली को निकालती क्रेन। संवाद
तिंदवारी। गेहूं की खेप लेकर आया ट्रैक्टर ट्रॉली समेत गोदाम के बाहर निकले नाले में धंस गया। गनीमत रही कि चालक और किसान बाल-बाल बच गए। थानाक्षेत्र के संहिंगा गांव निवासी प्रदीप पटेल शुक्रवार की सुबह सरकारी खरीद वितरण केंद्र में गेहूं बेचने आए थे।
गोदाम में तौल के लिए अंदर जाने से पहले सड़क पर मौजूद गड्ढे में ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया धंस गया। इससे ट्रॉली तिरछी हो गई। आनन-फानन में चालक व किसान ने ट्रैक्टर से कूदकर जान बचाई। किसान ने बताया कि मार्ग पर बड़ा गड्ढा होने से घटना हुई। कहा कि गड्ढा जलनिकाली के लिए खोदा गया था।
बाद में क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। वहीं मौजूद किसानों ने बताया कि पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकीं हैं। कहा कि प्रशासन को नाला पर पटिया डलवाना चाहिए, जिससे लोगों को राहत मिल सके। (संवाद)