बांदा। रोजी-रोटी कमाने वाले सैकड़ों लोग होली पर्व अपने घर में मनाने के लिए परदेस से वापस लौट रहे हैं। दिल्ली रूट से आने वाली ट्रेनें फुल नजर आ रही हैं। यात्रियों को रिजर्वेशन नहीं मिल पा रहे। परिवहन निगम ने भी चित्रकूटधाम मंडल रीजन से 80 अतिरिक्त रोडवेज बसें दिल्ली रूट पर लगाई हैं। रोडवेज बसें भी यात्रियों से फुल नजर आ रही हैं। ऐसे में यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
होलिका दहन तक काफी हद तक परदेसी अपने घर वापस लौट आए हैं। गुरुवार को सुबह निजामुद्दीन से चलकर बांदा पहुंची संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की सभी बोगियां यात्रियों से फुल नजर आईं। पांच मिनट के स्टाप के दौरान यात्री ट्रेन से उतरे, इनमें परदेस में रहकर काम करने वाले कामगारों की संख्या भी कम नहीं रही। इसी तरह महाकौशल एक्सप्रेस, बुंदेलखंड एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में भी जबरदस्त भीड़ नजर आई। रिजर्वेशन काउंटर में तैनात कर्मचारी ने बताया कि संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में 760, महाकौशल एक्सप्रेस में 654 और बुंदेलखंड एक्सप्रेस में 765 रिजर्वेशन वेटिंग पर हैं। रेलवे स्टेशन प्रबंधक मनोज शिवहरे ने बताया कि होली पर्व के दौरान घर पहुंचने के लिए परदेसियों के साथ ही अन्य लोगों ने पहले ही रिजर्वेशन करा लिया था, अब नए कन्फर्म रिजर्वेशन नहीं मिल पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दो-तीन दिन में स्थिति सामान्य हो सकती है। इधर, परिवहन निगम मुख्यालय से आए निर्देशों के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक चित्रकूटधाम मंडल रीजन संदीप अग्रवाल ने बांदा, महोबा, हमीरपुर, राठ डिपो से 80 रोडवेज बसों का बेड़ा लगाया है। यह बसें दिल्ली, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, जौनपुर और मऊ रूट पर लगाई गई हैं, ताकि परदेसियों को घर वापस लाया जा सके और अन्य यात्रियों को भी अतिरिक्त बसों में बेहतर सफर मिल सके। आरएम ने बताया कि बांदा और महोबा डिपो से 25-25, राठ और हमीरपुर डिपो से 15-15 अतिरिक्त रोडवेज बसें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की बसों में सफर के दौरान यात्रियों को कोई परेशानी न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है।
बांदा। आरएम संदीप अग्रवाल ने बताया कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए चित्रकूटधाम रीजन मुख्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कंट्रोल रूम प्रभारी लेखाकार वीके गुप्ता के अलावा इंद्रपाल, देवेंद्र, कामता, अतुल, रामनरेश, प्रमोद कुमार, रामबाबू रविशंकर शर्मा समेत 18 कर्मचारी लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम प्रभारी समेत अन्य कर्मचारी यात्रियों की सुविधाओं का ख्याल रखते हुए जानकारी देंगे। कार्मिक समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।