अतर्रा। इंडसलैंड बैंक के अधिकारियों पर ट्रक मालिक ने धोखाधड़ी, जातिसूचक गालियां देने और जबरन ट्रक बेचने का आरोप लगाकर कोतवाली में बैंक के चार अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली अंतर्गत दिखितवारा निवासी अनुसूचित जाति के सोनू ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया उसने इंडसलैंड बैंक बांदा शाखा से 19.30 लाख का ऋण लेकर डीसीएम खरीदा था। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह दो किश्तें नहीं भर सका, जिस पर तीन दिसंबर 2024 को बैंक के हब हेड पंकज शर्मा, सुशील गुप्ता, प्रवेश साहू और अखिलेश दिनकर ने ट्रक जब्त कर बांदा यार्ड में खड़ा कराया। बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों ने 80 हजार रुपये की मांग की।
न देने पर अभद्रता और मारपीट की। पीड़ित सोनू ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी, लेकिन उसे मदद नहीं मिली। बाद में तीन जनवरी को उसने अपनी पत्नी अर्चना के साथ आरटीओ ऑफिस में 80 हजार रुपये जमा किए। आरोप लगाया कि बैंक अधिकारियों ने न तो कोई रसीद दी और न ही ट्रक लौटाया। कुछ समय बाद पता चला कि ट्रक को मात्र 13 लाख रुपये में प्रवेश साहू नामक व्यक्ति को बेच दिया गया। विरोध करने पर जानमाल की धमकी दी गई।
कोतवाली पुलिस ने इंडसलैंड बैंक के हब हेड पंकज शर्मा, सुशील गुप्ता, प्रवेश साहू, अखिलेश दिनकर के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार ने कहा रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना सीओ प्रवीण कुमार कर रहे हैं।
विवेकराज मिश्र