बांदा। जनपद में जेएफडी (जीरो फैकल्टी डिस्टि्रक) कार्यक्रम के तहत क्षेत्राधिकारी यातायात प्रतिज्ञा सिंह की अध्यक्षता में यातायात पुलिस कर्मियों को गुरुवार को प्रशिक्षण दिया गया।
जनपद में सड़क दुर्घटना से होने वाली मृत्यु दर को कम करने तथा यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात प्रतिज्ञा सिंह की उपस्थिति में जनपद बांदा में गठित सीसी टीम के अधिकारी/कर्मचारी को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना संवेदनशील क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को बढ़ाना था। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को ब्रिथ एनालाइज़र शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान, बॉडी वॉर्न कैमरा वास्तविक परिस्थितियों में घटनाओं का रिकॉर्ड और निगरानी, स्पीड राडार वाहनों की गति की निगरानी और नियंत्रण, अन्य आधुनिक यातायात नियंत्रण उपकरण की जानकारी दी गई। क्षेत्राधिकारी यातायात ने उपस्थित कर्मियों को कहा कि इन उपकरणों और प्रशिक्षण के माध्यम से हमारी प्राथमिकता सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों की संख्या को न्यूनतम करना है।