बांदा। निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए मिट्टी की ढुलाई के काम में लगा ट्रैक्टर खंती में जाकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। हादसा सामने से आ रहे दूसरे वाहन को रास्ता देने के दौरान हुआ। ट्रैक्टर पूर्व प्रधान बताया जा रहा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में मवई गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का निर्माण चल रहा है। यहां मिट्टी ढुलाई के लिए मवई गांव के पूर्व प्रधान का ट्रैक्टर लगा है। जसपुरा थानाक्षेत्र के अहिरन डेरा निवासी गिरधारी का बेटा मुन्ना उर्फ रामलखन (25) ट्रैक्टर चलाता था।
शुक्रवार को दोपहर मिट्टी डालने के बाद दूसरी खेप मिट्टी लेने जाते समय दूसरे वाहन को साइड देने के दौरान ट्रैक्टर बेकाबू होकर खंती में गिरकर पलट गया। उसके नीचे रामलखन दब गया। मजदूरों ने उसे बाहर निकाला और फौरन जिला अस्पताल ले गए।
वहां डॉक्टर ने रामलखन को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक रामलखन चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।