तिंदवारी। तिलक लेकर भिडौरा जा रही स्कार्पियो को बांदा-महोखर बाईपास के पास बालू भरे डंपर ने टक्कर मार दी। इसमें तीन लोग घायल हो गए।
बांदा शहर के गायत्री नगर निवासी नरेंद्र सिंह (46) गुरुवार की शाम अपनी बेटी प्रीती का तिलक लेकर स्कार्पियो से थाना क्षेत्र के भिंडौरा गांव जा रहे थे। कोतवाली देहात के बांदा-महोखर बाईपास के पास बालू भरे डंपर ने स्कार्पियो में टक्कर मार दी। इसमें नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। स्कार्पियो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार का कहना है कि चालक घटना के बाद डंपर छोड़कर भाग गया। डंपर को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करा दिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।