बांदा। परमवीर सुपर लीग सीजन-2 में रविवार को सेमीफाइनल मैचों में चार टीमों के बीच भिड़ंत हुई। अपने-अपने मैच जीतकर वीर अब्दुल हमीद लांचर्स और ब्रिगेडियर योगेंद्र सिंह यादव ग्राईडेनियर्स ने फाइनल मैच में प्रवेश किया। सोमवार इन दोनों के बीच खिताबी मुकाबला होगा।
डीआर क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में चल रहे जीआईसी ग्राउंड में मैच में पहले सेमीफाइनल में वीर अब्दुल हमीद लांचर्स ने टॉस जीकर बालिंग करते हुए 20 ओवरों में 5 विकेट गंवाकर 124 रनों का स्कोर खड़ा किया। ललित प्रताप सिंह ने 5 चौके और एक छक्के के साथ 40 गेंदों में 39 रन बनाए। आशुतोष मिश्रा ने भी एक छक्का और पांच चौकों के साथ 16 गेंदों का मुकाबला करते हुए 28 रनों का स्कोर बनाया।
अर्पित कबीर एक छक्का व एक चौके की मदद से 19 रन और सरन सिंह थापा ने 28 रन बनाए। बॉलिंग कर रही मेजर शैतान सिंह शूटर्स टीम के वरुण दीक्षित ने 14 रनों पर तीन विकेट और सौरभ सिंह ने एक विकेट लिया। इसके बाद पिच पर आई मेजर शैतान सिंह शूटर्स टीम के खिलाड़ी 20 ओवरों पर 119 रनों पर ही आउट हो गए। वीर अब्दुल हमीद टीम 5 रनों से जीत गई।
सौरभ राजपूत ने 2 चौके व 2 छक्कों के साथ 36 रन बनाए। जितेंद्र यादव ने एक चौका व एक छक्का के साथ 14 गेंदों पर 19 रनों का स्कोर बनाया। वीर अब्दुल हमीद के बॉलर संजय साहू ने 20 रन देकर और राहुल सिंह ने 14 रनों पर 2-2 विकेट लिए। सरन, उजैब और सर्वेश ने 1-1 विकेट लिया। मैन ऑफ दि मैच ललित प्रताप सिंह को घोषित किया गया।
दूसरे सेमीफाइनल में सूबेदार संजय कुमार स्नापर्स टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग की। पूरी टीम 96 रनों पर आउट हो गई। शिवम साहू ने 2 चौकों के साथ 19 रन बनाए। रवि कुमार ने 14, आशुतोष ने 11 रन का स्कोर खड़ा किया। बालिंग कर रही ब्रिगेडियर योगेंद्र सिंह यादव ग्राईनेडियर्स के मनोज रैकवार ने 3 विकेट, शिवेंद्र व हिमांशु ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में ब्रिगेडियर योगेंद्र सिंह टीम ने मात्र एक विकेट खोकर 9.4 ओवर में यह सेमीफाइनल 9 विकेट से जीत लिया। पीयूष गुप्ता ने 39, कमलेश राजपूत ने 38, मनोज रैकवार ने 13 रन बनाए। संजय स्नेपर्स टीम के अन्नू ने एक विकेट लिया।
मैन आफ द मैच खिलाडिय़ों को समाजसेवी आशा सिंह और श्रुति भारद्वाज व संगीता शिवहरे आदि ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। एआरटीओ राकेश वर्मा, चंद्रमौलि भारद्वाज, पुष्कर द्विवेदी, संदीप गुप्ता, सुनील सिंह गौतम, एसबी सिंह, विनय श्रीवास्तव, शिवप्रताप सिंह, नागेश खरे, दुर्गेश भदौरिया, अबरार फारूकी, आसिफ अली आदि उपस्थित रहे। मंगलवार को सुबह 10 बजे से वीर अब्दुल हमीद लांचर्स और ब्रिगेडियर योगेंद्र सिंह यादव के ग्राईनेडियर्स के बीच फाइनल होगा।