फोटो- 20 युवक से शव को बाहर निकालने का प्रयास करते ग्रामीण व पुलिस। संवाद
फोटो- 21 अंकित सिंह। फाइल फोटो
- कुएं में कूदने से पहले अंकित ने बहन को कॉल कर दी थी जानकारी, रातभर तलाश में जुटे रहे परिजन
- युवक के मौत की खबर सुन खेत में चारा काटने के बहाने निकली युवती, कुएं में लगा दी छलांग, मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
पैलानी (बांदा)। चिल्ला थाना क्षेत्र के अतरहट गांव में शुक्रवार को प्रेम प्रसंग में युगल की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव निवासी युवक और युवती ने अलग-अलग स्थानों पर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।
थाना पुलिस के मुताबिक अतरहट गांव निवासी अंकित सिंह (24) का बृहस्पतिवार की शाम किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। अंकित शराब के नशे में था। कहासुनी के कुछ देर बाद वह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अपने खेत में स्थित कुएं पर पहुंचा। देर रात उसने कुएं पर कूदकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी तब परिजनों को हुई जब वह शुक्रवार की सुबह उसकी तलाश में खेत पर पहुंचे। कुएं के पास शराब की बोतल, पानमसाला व युवक का मफलर मिला। युवक का शव कुएं के पानी में उतराता हुआ दिखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला।
दिवंगत युवक के बड़े भाई कृष्ण ने बताया कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले अंकित ने अपनी बहन भारती, जो गांव में ही ब्याही है उसको कॉल कर कहा कि वह कुएं में कूदकर जान देने जा रहा है। बहन ने घबराकर तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण रातभर अंकित की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंकित दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसने कक्षा 12 तक पढ़ाई की थी और बड़े भाई कृष्ण के साथ मिलकर खेती करता था। बेटे की मौत से मां किरन का रो-रोकर बुरा हाल है।
उधर, अंकित का शव कुएं से निकाले जाने की खबर जैसे ही गांव में फैली तभी गांव की 19 वर्षीय युवती कलावती भी घर से निकल गई। परिजनों के अनुसार कलावती अपनी बहन की बेटी अंजलि को साथ लेकर मां से यह कहकर निकली थी कि वह खेत में चारा काटने जा रही है और खेत की निगरानी करेगी।
दोपहर करीब 11 बजे कलावती गांव के ही होरिहा डाड़ स्थित कुएं के पास पहुंची और छलांग लगा दी। यह देख साथ मौजूद छोटी बहन अंजलि जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। कलावती चार बहनों में तीसरे नंबर की थी। बेटी की मौत से मां रम्मी बदहवास हो गई हैं।
गांव में चर्चा है कि अंकित और कलावती के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि दोनों परिवार इस बात को लेकर खुलकर कुछ कहने से बच रहे हैं। उधर, चिल्ला थाना प्रभारी अनूप दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों मामलों में आत्महत्या की बात सामने आई है। ग्रामीण प्रेम प्रसंग की बात कह रहे हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।