तिंदवारी (बांदा)। डॉक्टर और मास्टर मिलकर फर्जी जमानत लेने का खेल कर रहे थे। पुलिस ने तीन जमानतदारों को पकड़ा तो डॉक्टर और मास्टर के नाम उजागर हुए। पुलिस अब इन डॉक्टर और मास्टर की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड, खतौनी व विभिन्न प्रपत्रों का प्रयोग कर विभिन्न थानों और आसपास के कई जनपदों में फर्जी तरीके से जमानत ली थी।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, क्षेत्राधिकारी सदर राजवीर सिंह गौर ने बताया कि तिंदवारी थाने में कार्यरत एसआई शिवकरन ने फर्जी जमानत लेने के संबंध में 20 नवंबर को तिंदवारी क्षेत्र के राम सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके नाम का फर्जी आधार कार्ड, खसरा खतौनी व फर्जी फोटो लगाकर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने कूटरचित तरीके से एनडीपीएस के अभियुक्त की जमानत ली है।
इस संबंध में तिंदवारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस ने देहात कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव निवासी हरिशंकर उर्फ विजयशंकर को मवई तिराहा के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से कूटरचित आधार कार्ड व अन्य फर्जी प्रपत्र प्राप्त हुए। पूछताछ में उसने बताया कि यह फर्जी प्रपत्र उसके तिंदवारी के जसईपुर गांव निवासी साथी हेमंत बनाता है। आरोपी की निशानदेही पर हेमंत को संकट मोचन मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद पिपरगवां गांव निवासी बलबीर को तेरहीमाफीर मोड़ से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी टीम में तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर दीपेंद्र सिंह, एसआई अंजनी कुमार पांडेय, दिनेश सिंह, रामआधार रावत आदि शामिल रहे।
डॉक्टर और मास्टर असली खिलाड़ी
बांदा। फर्जी जमानत का खेल तिंदवारी थाना क्षेत्र के भिडौरा गांव निवासी शिवस्वरूप उर्फ मास्टर और पैलानी थाना क्षेत्र के पिपरहरी गांव निवासी रामबाबू उर्फ डॉक्टर खेल रहे हैं। पूछताछ में इसका खुलासा गिरफ्तार आरोपियों ने किया। उन्होंने बताया कि मास्टर व डॉक्टर फर्जी तरीके से आधार कार्ड, फर्जी फोटो व अन्य फर्जी प्रपत्र का प्रयोग कर फर्जी रूप से कारागार में निरुद्ध अभियुक्तों की जमानत लेते हैं। उन्होंने भी तिंदवारी, पैलानी, बबेरू, जीआरपी व कोतवाली नगर व जनपद चित्रकूट के अभियुक्तों की कूटरचित तरीके से जमानत ली गई है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि आरोपियों के पास से 35 आधार कार्ड व अन्य कागजात, एक सीपीयू, एक प्रिंटर, एक टीएफटी, एक कीबोर्ड , एक माऊस, एक एक्सटेंशन बरामद किया गया है।