तिंदवारी/बेंदाघाट। सीमावर्ती इलाके में बेंदा चौकी से सात किमी दूर माचा गांव के पास उसरा नाले में शनिवार की शाम किशोरी का शव मिला। शव क्षत-विक्षत हो चुका था। अनुमान लगाया जा रहा है कि कई दिन पुराना शव है। दुष्कर्म के बाद हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बबेरू और तिंदवारी थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित उसरा नाले में कीचड़ में पड़ा लगभग 14 वर्षीय किशोरी का शव चरवाहों ने देखा। मौके पर पहुंचे तिदंवारी थाना इंस्पेक्टर नीरज कुमार सिंह व बेंदा चौकी इंचार्ज रोशन गुप्ता ने बताया कि किशोरी का चेहरा कुचला हुआ था।
शव करीब एक माह पुराना लग रहा है। गले में छींटदार दुपट्टा कसा था। लाल व काले रंग का टाप व गहरे नीले रंग की लैगी पहने थी। आसपास के ग्रामीण शिनाख्त नहीं कर पाए। पुलिस ने शव के फोटो आसपास के थानों को भेजे हैं। पुलिस ने बताया कि जौहरपुर गांव से किशोरी 16 अगस्त से लापता है, लेकिन परिजनों ने शव उसका नहीं बताया है।
ऐसा माना जा रहा है कि किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। मौके पर पहुंचे सीओ सदर अजय सिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी कुछ मदद मिलेगी।