फोटो- 15 घटना स्थल पर जांच करती कोतवाली नगर पुलिस। संवाद
बांदा। कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह छाबी तालाब के पास एक 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान भगवानदास के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार बीती रात भगवानदास का अपने पिता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह गुस्से में घर से निकल गया और रातभर घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने छाबी तालाब के पानी में उतराता शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोतवाली नगर प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि युवक का नहाते समय पैर फिसल जाने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।