खप्टिहा कलां। दीवार से तेज रफ्तार बाइक टकराने पर युवक की मौत हो गई। भाई ने पुलिस को दी तहरीर में हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस इसे हादसा बता रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
जसपुरा क्षेत्र के गड़रिया गांव के मजरा रैपुरा निवासी रामआसरे द्विवेदी के बेटे रामराज (33) की रविवार की सुबह तेज रफ्तार बाइक दीवार से टकरा गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामराज के भाई धर्मराज ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि रामराज मानसिक रूप से कमजोर था। आरोप लगाया कि पड़ोसी युवक ने बहला-फुसलाकर उससे घर से बाइक मंगवा ली।
फिर उसे बैठाकर बाइक की रफ्तार तेज कर दीवार से टकरा दी और खुद बाइक से उतरकर भाग गया। थाना पुलिस ने आरोपों को सिरे से नकार दिया। सीओ सदर सत्यप्रकाश शर्मा का कहना है कि रामराज खुद बाइक चला रहा था। रफ्तार तेज होने पर बाइक दीवार से टकरा गई।